Ticker

10/recent/ticker-posts

नर्मदा का पानी सिवाना की जनता को मिले-भायल

 *नर्मदा परियोजना का पानी सिवाना और पचपदरा तक पहुंचाने की मांग, विधायकों ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री को सौंपा पत्र*



सिवाना न्यूज अपडेट@सिवाना

सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल एवं पचपदरा विधायक डॉ. अरुण चौधरी ने बुधवार को दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटील से मुलाकात कर सिवाना, पचपदरा सहित बालोतरा एवं समदड़ी क्षेत्र के लिए नर्मदा परियोजना के तहत स्थायी पेयजल व्यवस्था उपलब्ध करवाने की मांग उठाई। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय मंत्री को विस्तृत पत्र सौंपकर क्षेत्र की गंभीर पेयजल समस्या से अवगत कराया।

सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल ने केंद्रीय मंत्री सी. आर. पाटील को बताया कि वर्तमान में नर्मदा परियोजना का पानी गुड़ामालानी क्षेत्र तक पहुंच रहा है, लेकिन सिवाना एवं पचपदरा क्षेत्र में आज भी पेयजल की स्थायी एवं दीर्घकालीन व्यवस्था नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में संचालित जल योजनाएं अंतिम छोर पर होने के कारण पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं करा पा रही हैं, जिससे आमजन को लंबे समय से पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग रखी कि सिणधरी क्षेत्र के निकट राजकीय भूमि पर जल भंडारण (स्टोरेज) की व्यवस्था विकसित कर बालोतरा, सिवाना, पचपदरा एवं समदड़ी क्षेत्र को पेयजल उपलब्ध करवाने की व्यापक योजना को शीघ्र अमलीजामा पहनाया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को स्थायी राहत मिल सके।

विधायक हमीर सिंह भायल एवं विधायक अरुण चौधरी ने कहा कि पश्चिमी राजस्थान का यह मरुस्थलीय क्षेत्र वर्षों से पेयजल संकट से जूझ रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान भाजपा सरकार ने पूर्वी राजस्थान के लिए ईआरसीपी जैसी महत्वाकांक्षी योजना बनाकर स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया है। उसी तर्ज पर पश्चिमी राजस्थान के रेगिस्तानी क्षेत्रों के लिए भी दीर्घकालीन पेयजल योजना बनाकर नर्मदा परियोजना का विस्तार किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों में अब यह उम्मीद जगी है कि केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वय से पश्चिमी राजस्थान के लिए भी बड़ी पेयजल परियोजना लागू होगी, जिससे आने वाले वर्षों में जल संकट से स्थायी राहत मिल सकेगी।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटील ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि सिवाना एवं पचपदरा विधानसभा क्षेत्रों की पेयजल समस्या के समाधान के लिए नर्मदा परियोजना को आगे बढ़ाने तथा स्थायी समाधान की दिशा में सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे। उन्होने कहा कि आमजन को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाना केंद्र सरकार की प्राथमिकता है तथा इस संबंध में तकनीकी एवं प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

-0-