Ticker

10/recent/ticker-posts

पहाड़ेश्वर महादेव मंदिर विवाद के बीच पुजारी दत्त नारायणगिरी का निधन, क्षेत्र में बढ़ा तनाव

 पहाड़ेश्वर महादेव मंदिर विवाद के बीच पुजारी दत्त नारायणगिरी का निधन, क्षेत्र में बढ़ा तनाव



सिवाना न्यूज अपडेट@सिवाना पहाड़ेश्वर

सिवाना उपखंड क्षेत्र के पहाड़ेश्वर महादेव मंदिर को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच मंगलवार देर रात उस समय माहौल अचानक गर्मा गया, जब मंदिर के पुजारी दत्त नारायणगिरी महाराज के निधन की सूचना सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी। सूचना के साथ प्रसारित एक पोस्ट में कई तरह के दावे और उल्लेख किए गए, जिसके बाद क्षेत्रभर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।


सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होते ही बड़ी संख्या में लोग पहाड़ेश्वर महादेव मंदिर की ओर पहुंचने लगे। मायलावास चौराहे के व्यापारियों ने भी अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए और घटनास्थल की ओर रवाना हो गए। देखते ही देखते मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे माहौल संवेदनशील हो गया।


स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन भी तुरंत सक्रिय हो गया। मौके पर सिवाना उपखंड अधिकारी, तहसीलदार सहित पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी गई। इसी दौरान देर रात पुजारी दत्त नारायणगिरी का पार्थिव शरीर एंबुलेंस के माध्यम से मंदिर परिसर लाया गया। पार्थिव शरीर के पहुंचते ही मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर मौजूद लोगों ने सत्यमगिरि के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण बनी रही, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आरएसी ने भी मोर्चा संभाल लिया।


प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में समझाइश और सुरक्षा इंतजामों के बीच एंबुलेंस को मंदिर परिसर के अंदर प्रवेश कराया गया। इसके बाद समाधि की प्रक्रिया के लिए खड्डा खुदवाने का कार्य शुरू किया गया। घटना को लेकर पूरे दिन चर्चाओं का दौर चलता रहा।


फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

पहाड़ेश्वर महादेव मंदिर विवाद और पुजारी दत्त नारायणगिरी महाराज के निधन से जुड़े इस घटनाक्रम की हर अपडेट के झुड़े रहिए...